बसना(जीतयादव)। थाना बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने 274 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय सिंडिकेट के मुख्य सरगना को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी “विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स” की आड़ में घरेलू सामान के बीच गांजा छिपाकर एक राज्य से दूसरे राज्य तक सप्लाई करता था।
घरेलू सामान के नीचे छिपाकर राजस्थान भेजा जाता था गांजा, बसना पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर में वाहन चेकिंग के दौरान एक अशोक लेलैंड “बड़ा दोस्त” वाहन से 274 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया था। मादक पदार्थ मूवर्स एंड पैकर्स के घरेलू सामान के नीचे छिपाकर रखा गया था। मामले में वाहन चालक रोशन यादव को मौके से गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ है, जो रायपुर के कबीर नगर में “विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स” संचालित करता था। आरोपी उड़ीसा से मादक पदार्थ मंगवाकर ग्राहकों के पुराने घरेलू सामान के नीचे छिपाकर राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था।
मुख्य आरोपी घटना के बाद फरार होकर गुजरात में छिपा हुआ था। तकनीकी जानकारी और सटीक सूचना के आधार पर बसना पुलिस और ANTF की टीम ने गुजरात में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।मामले में पूर्व में चालक रोशन यादव और मादक पदार्थ सप्लायर राजू उर्फ भोलू महानंद को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।



