महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.750 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 37 हजार 500 रुपये बताई गई है, बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लेडीज पर्स समेत कुल 6 लाख 97 हजार 700 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
कोमाखान पुलिस ने 12.750 किलो गांजा किया जब्त, बाइक और मोबाइल समेत करीब 6.97 लाख रुपये की संपत्ति बरामद।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक मोटरसाइकिल में एक पुरुष और महिला गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर कोमाखान पुलिस ने ग्राम टेमरी जांच नाका के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार दोनों लोगों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मदन ताण्डी (45) निवासी महालिंग, जिला कालाहांडी, ओडिशा और शांति ताण्डी (45) निवासी लियाड, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल की सीट के नीचे, डिक्की और महिला के लेडिज पर्स में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा कालाहांडी, ओडिशा से लेकर बागबाहरा क्षेत्र में किसी व्यक्ति को देने जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और लेडिज पर्स जब्त किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय का परिणाम बताया जा रहा है।


