महासमुंद(जीतयादव)। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान के तहत पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा और अन्य सामग्री जब्त की है।
उड़ीसा से दुर्ग ले जाया जा रहा था गांजा, 3.71 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा के रामपुर (कालाहांडी) से छत्तीसगढ़ की ओर मादक पदार्थ परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टेमरी जांच नाका में घेराबंदी कर अपाचे मोटरसाइकिल (ओडी 08 जी 1028) को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 6.090 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में जयधर महानंद उर्फ सोनू (23 वर्ष) और हेमंत महानंद (28 वर्ष) शामिल हैं, जो कालाहांडी (उड़ीसा) के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को छत्तीसगढ़ के पाटन (दुर्ग) में खपाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.090 किलोग्राम गांजा (कीमत 3 लाख 4 हजार 500 रुपये), एक मोटरसाइकिल (40 हजार रुपये) और 2 मोबाइल फोन (27 हजार रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 3 लाख 71 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में थाना कोमाखान में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में जिले में 80 मामलों में कुल 5769.561 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 209 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 51 छत्तीसगढ़ और 158 अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।



