महासमुंद(जीतयादव)। अवैध गांजा की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कार के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा करीब 37.940 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 18 लाख 97 हजार रुपये बताई गई है। मामले में बिहार निवासी एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
उड़ीसा से रायपुर ले जाया जा रहा था गांजा, सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल में नाकाबंदी कर पकड़ा; कार और मोबाइल समेत 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि एक JETTA कार क्रमांक MH 02 CD 3140 में गांजा लेकर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम श्रवण यादव (39 वर्ष), निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर, बिहार बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पीछे की डिक्की में अलग से बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर को खोलने पर उसमें 18 पैकेटों में रखा 37.940 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा उड़ीसा के मदन रामपुर से रायपुर लेकर जा रहा था। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख 2 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से छत्तीसगढ़ में गांजा खपाने की आरोपी की योजना नाकाम हो गई।


