महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 22.160 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 11.08 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 12 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था 11 लाख से अधिक कीमत का गांजा, कोमाखान में स्कूटी और मोबाइल सहित 12.26 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी में दो युवक गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस जांच में स्कूटी की सीट, डिक्की और एक थैले से कुल 22.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा केसिंगा (ओडिशा) से लेकर दतिया (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे, जहां इसकी बिक्री की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल अहिरवार (18 वर्ष), निवासी जिगना, जिला दतिया (मध्यप्रदेश) तथा संदीप अहिरवार (18 वर्ष), निवासी टूका किलचुवारा, थाना बबीना, जिला झांसी (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोमाखान थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22.160 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 12.26 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


