बसना(जीतयादव)। बसना थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50.200 किलोग्राम गांजा के साथ बिलासपुर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो और मोबाइल फोन समेत करीब 28 लाख 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान बोलेरो से 50.200 किलो गांजा बरामद, ओडिशा से शिवरीनारायण ले जाई जा रही थी खेप।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पलसापाली बैरियर (बसना) पदमपुर रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक महिंद्रा बोलेरो (CG10AB6529) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक के जवाब संदिग्ध लगने पर जब गहन जांच की गई तो बोलेरो की पीछे की सीट में छिपाकर रखी गई दो बोरियों से 50 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा से लोड कराया गया था और इसे शिवरीनारायण में एक व्यक्ति को पहुंचाना था। पुलिस ने आरोपी धनीराम साहू (31 वर्ष) निवासी लोहरसी (सोन), थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जनवरी 2026 से अब तक 115 मामलों में 7,481.581 किलोग्राम गांजा (लगभग 74.81 क्विंटल) जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 37 करोड़ 31 लाख 71 हजार 150 रुपये है। इस दौरान 284 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 71 छत्तीसगढ़ तथा 213 अन्य राज्यों के तस्कर शामिल हैं।


