महासमुंद(जीतयादव)। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा के केसिंगा से रायपुर ले जाई जा रही नशीली दवाओं की खेप को कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर नाकेबंदी के दौरान पकड़ लिया।
पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई, 815 नशे के कैप्सूल, बाइक और मोबाइल जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 04 NW 3525) में सवार तीन व्यक्ति ओडिशा से नशीली दवाओं का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 815 नग SPASMO PROXYVON Plus कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 9,321 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान गोविन्द शर्मा, राकेश जंघेल और कमलेश कुमार के रूप में बताई। तीनों आरोपी रायपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नशीली दवाओं को केसिंगा (ओडिशा) से खरीदकर रायपुर ले जाना स्वीकार किया है।
![]()
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशीली कैप्सूल के अलावा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 72 हजार 321 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।


