बसना(जीतयादव)। जिले में धान खरीदी में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धान उपार्जन केंद्र बम्हनी के तत्कालीन प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर किसानों के हक का 3,742 क्विंटल गबन करने का आरोप है। मामले में करीब 1.16 करोड़ रुपये के आर्थिक घोटाले का खुलासा हुआ है।
1.16 करोड़ के धान घोटाले में बम्हनी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार, किसानों के 3742 क्विंटल धान गबन का आरोप।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा के शाखा प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में प्रशासनिक जांच के दौरान भारी अनियमितता सामने आई।
जांच टीम द्वारा 16 मई 2026 को किए गए भौतिक सत्यापन में केंद्र में दर्ज रिकॉर्ड की तुलना में 3,742 क्विंटल (9,355 कट्टे) कम पाया गया। समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना की राशि को मिलाकर कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये के गबन की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बसना में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 316(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।



