सरायपाली (जीत यादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी (संकुल सिंघोड़ा) में बाल दिवस बड़े उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना से हुई। बच्चों के मानसिक, तार्किक और रचनात्मक कौशल विकास के उद्देश्य से 12 प्रकार के कौशल आधारित खेलों का गेम स्टॉल लगाया गया, जिनमें प्रत्येक खेल पर अधिकतम ₹10 का पुरस्कार रखा गया। यह पुरस्कार राशि शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से प्रदान की गई।
गेम स्टॉल का शुभारंभ संकुल स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक, संकुल समन्वयक सचिदानंद भोई, ऋषि प्रधान, दुष्यंत पटेल एवं मोतीलाल पटेल द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के मानसिक विकास, सोच एवं एकाग्रता के लिए उपयोगी बताया।

विद्यालय के सभी छात्रों ने उत्साहपूर्वक खेलों में भाग लिया। मैदान बच्चों की हंसी और तालियों से गूंज उठा। श्रेष्ठ प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व शिक्षक पवन यादव, जितेंद्र रावल, सुधीर त्रिपाठी, विनोद कुजूर, चंद्रभानु पटेल, सुकदेव मेहर व जयकुमार पटेल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
दिनभर चले कार्यक्रम में शिक्षकों, अतिथियों और बच्चों ने मिलकर आनंद लिया। यह उत्सव बच्चों के लिए मनोरंजन, सीख और प्रेरणा का यादगार अवसर बनकर संपन्न हुआ।




