बसना(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
20.600 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया मामला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सुरेन्द्र जगत (29 वर्ष), निवासी ग्राम बेलडीही, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लाल-हरे रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी की जांच करने पर उसमें उड़ीसा राज्य निर्मित चिड़िया छाप महुआ शराब के 103 पाउच मिले। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। कुल मिलाकर 20.600 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
पुलिस ने जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,884 रुपये आंकी है। मामले में थाना बसना में अपराध क्रमांक 311/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



