सरायपाली। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों तथा आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में आसपास के ग्रामीण अंचलों के साथ-साथ नगर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।

जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, बिजली सहित मूलभूत समस्याएं रखीं ग्रामीणों ने-चातुरी नंद
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, नाली निर्माण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। विधायक चतुरी नंद ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

विधायक चतुरी नंद ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेते हुए यह भी कहा कि यदि किसी पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है तो वह सीधे जनसुनवाई में आवेदन दे सकता है। ऐसे मामलों में स्वयं हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।जनसुनवाई में उपस्थित ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने विधायक द्वारा सीधे संवाद कर समस्याएं सुने जाने पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार की जनसुनवाई से आमजन को राहत मिलती है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



