बसना(जीतयादव)। देशभर में शुरू हुई जनगणना (census) 2027 की प्रक्रिया के तहत अब छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में भी मकान सूचीकरण कार्य तेज हो गया है। बसना तहसील के ग्राम अरेकेल में प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकानों और परिवारों की जानकारी जुटा रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों से सहयोग की अपील की जा रही है ताकि सही और सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें।
प्रगणक मैदानी स्तर पर जुटा रहे परिवारों की जानकारी, डिजिटल प्रणाली से हो रही जनगणना (census) प्रक्रिया।
ग्राम अरेकेल में प्रगणक के रूप में कार्य कर रहे प्रेमचंद साव, जो कि शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल में शिक्षक हैं, HLB 217 शिक्षक राजकुमार निषाद शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल, व HLB 216 अर्पणा बारिक अरेकेल में मैदानी स्तर पर लोगों से जानकारी एकत्र कर रहे हैं। जनगणना कार्य के दौरान मकानों की स्थिति, परिवार के सदस्यों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दर्ज की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्य देश की विकास योजनाओं और सरकारी सुविधाओं को सही पात्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना (census) 2027 को इस बार डिजिटल स्वरूप में किया जा रहा है। इसमें मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है, जिससे आंकड़ों को तेजी और पारदर्शिता के साथ संकलित किया जा सके। केंद्र सरकार के अनुसार जनगणना दो चरणों में होगी, जिसमें पहले चरण में मकान सूचीकरण और दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी।
ग्रामीणों ने भी जनगणना कार्य में सहयोग का भरोसा जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सही जानकारी देने से सरकारी योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से मिल सकेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी देकर जनगणना अभियान को सफल बनाएं।



