बसना(जीत यादव)।विश्व के महान मार्शल आर्टिस्ट और हॉलीवुड अभिनेता मास्टर ब्रूसली की 84वीं जयंती के उपलक्ष्य में हाईस्कूल जमदरहा, बसना में विशेष कार्यक्रम एवं कराटे प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य कराटे संघ जिला इकाई महासमुंद तथा सेल्फ डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार 27 नवंबर को सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रिंसिपल ऑफ कराटे शिहान वरुण पाण्डेय थे, जबकि अध्यक्षता साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता सेंसेई डीजेन्द्र कुर्रे ने की। मुख्य अतिथि ने ब्रूसली के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रूसली ने 12 वर्ष की उम्र से मास्टर ईप मैन के सानिध्य में प्रशिक्षण लेकर मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। वे 1964 से अमेरिका में आयोजित विश्व की सबसे बड़ी मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में लगातार 9 बार विश्व चैंपियन बने।

उन्होंने बताया कि ब्रूसली न केवल उत्कृष्ट फाइटर थे, बल्कि एक विद्वान भी थे। वाशिंगटन विश्वविद्यालय से उन्होंने दर्शनशास्त्र में डिग्री प्राप्त की थी तथा उनकी लाइब्रेरी में 2000 से अधिक मार्शल आर्ट्स की पुस्तकें मौजूद रहती थीं। ब्लैक ड्रैगन, गेम ऑफ डेथ, इंटर ऑफ द ड्रैगन जैसी फिल्मों में उनके अद्भुत प्रदर्शन ने पूरे विश्व को प्रभावित किया।

ब्रूसली की लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी अंतिम यात्रा में 20,000 से अधिक लोग शामिल हुए थे तथा 13,000 पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें अंतिम सलामी दी थी। वक्ताओं ने कहा कि लगभग समाप्त हो चुकी मार्शल आर्ट्स, कुंगफू और कराटे जैसी कलाओं को नया जीवन देने का श्रेय ब्रूसली को जाता है।कार्यक्रम में सेंसेई रूखमणी रानू, संजय पंडा, पंकज दास, वीरेंद्र डडसेना, वंशिका चौहान सहित बड़ी संख्या में कराटे प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



