बसना(जीतयादव)। बसना थाना अंतर्गत गधाभाठा में इन दिनों किसानों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव के खेतों में लगे ट्यूबवेल और बोरवेल को निशाना बनाकर चोर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अंधेरी रात का फायदा उठाकर चोर बोर पाइप तोड़ रहे हैं और उसमें लगे कॉपर केबल, समर्सिबल पंप व अन्य सामान चोरी कर ले जा रहे हैं।
गधाभाठा गांव में लगातार हो रही बोर मोटर और केबल चोरी की घटनाओं से किसान परेशान।
ग्रामीणों के मुताबिक रात 12 बजे के बाद सक्रिय होने वाला चोरों का गिरोह खेतों में पहुंचकर बोर पाइप को पाताल से खींचकर तोड़ देता है और मोटर व केबल निकालकर फरार हो जाता है। लगातार हो रही इन घटनाओं से किसान भयभीत हैं और अपनी मेहनत से तैयार खेती को लेकर चिंता में डूबे हुए हैं।
गधाभाठा निवासी नित्यानंद प्रधान ने बताया कि धान फसल कटने के बाद वह धनिया खेती की तैयारी कर रहे थे, लेकिन चोरों ने उनके खेत में लगे बोरवेल के 13 पाइप तोड़ दिए और मोटर व केबल चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है और अब वे खेती करने से भी वंचित हो गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में यह पहली घटना नहीं है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बाद किसानों में डर का माहौल बन गया है। लोगों को आशंका है कि अगले नंबर पर किस किसान का खेत होगा, यह कहना मुश्किल है। यही वजह है कि अब किसान अपने खेतों से समर्सिबल पंप और मोटर निकालकर घर में रखने लगे हैं।
गधाभाठा के सीमांत किसान रूपानंद साव ने बताया कि उनके पास पांच ट्यूबवेल हैं और चोरी की घटनाओं के बाद उन्होंने सभी बोर मोटर निकालकर घर में सुरक्षित रख दिए हैं। वहीं क्षेत्र के लाइनमैन सहयोगी मनोज प्रधान ने भी बताया कि वे खुद अपने खेत से समर्सिबल पंप निकालकर घर ले आए हैं। उन्होंने कहा कि गांव में लगातार बोर चोरी की शिकायतें बिजली कंट्रोल रूम तक पहुंच रही हैं।



