महासमुंद। बीटीआई रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का गुरुवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू और वार्ड पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा ने भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।
बताया गया कि बीटीआई मुख्य रोड से केंद्रीय विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क काफी सकरी और जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण प्रतिदिन विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। कई बार भीड़भाड़ की स्थिति भी निर्मित होती थी। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पेवर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है।
नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेवर ब्लॉक लगने से मार्ग सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सभापति जितेन्द्र ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, ईश्वरी भोई, पार्षद गण कल्पना सूर्यवंशी, धनेश्वरी सोनवानी, धनेन्द्र चंद्रकार, नीरज चंद्राकर, पीयूष साहू, चंद्रशेखर बेलदार, केंद्रीय विद्यालय प्रिंसिपल संजय कंसल, शिक्षक लोकेश सिंह, वार्डवासी कमलेश कुमार पांडेय, गोपीनाथ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों और विद्यालय प्रबंधन ने नगर पालिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क निर्माण बच्चों और राहगीरों दोनों के लिए राहत लेकर आएगा।




