महासमुंद(जीतयादव)। थाना खल्लारी पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ओडिशा के संबलपुर जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
खल्लारी पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई, अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा।
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 को थाना खल्लारी क्षेत्र के चरौदा मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो एम्बुलेंस वाहन क्रमांक MH 49 C 0133 को रोककर तलाशी ली गई थी। इस दौरान वाहन से 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों सलमान खान और शिराज पठान को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा उन्हें ओडिशा से उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम को पता चला कि गांजा सप्लाई करने वाला आरोपी सुशांता मुखी है। इसके बाद थाना खल्लारी पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने ग्राम धामा, जिला संबलपुर (ओडिशा) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशांता मुखी पिता हड़ी मुखी (34 वर्ष), निवासी ग्राम बिचिका, थाना मनामुंडा, जिला बौद्ध (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले जब्त किए गए गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो एम्बुलेंस वाहन समेत कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।



