बसना। अवैध नशीली दवाइयों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसना क्षेत्र के ग्राम पलसापाली स्थित बेरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से 49 नग विन्सेरेक्स (Wincerex) कोडीन कफ सिरप, कुल 4,900 एमएल, बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
ऑपरेशन निश्चय के तहत पलसापाली बसना बेरियर पर ANTF और बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को पलसापाली बेरियर पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PM 3362 को रोककर उसमें सवार तीन लोगों की तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद मरून रंग के पिट्ठू बैग से 49 नग नशीली कफ सिरप बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त कफ सिरप ओडिशा से खरीदकर रायपुर में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। जब्त सिरप की कीमत 9,968 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 59,968 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुवन साहू (19 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, रायपुर और लक्ष्मी नारायण सिंह ठाकुर (20 वर्ष), निवासी जोरा पारा, रायपुर के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया है।
मामले में थाना बसना में अपराध क्रमांक 605/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई है। नाबालिग के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई ANTF और थाना बसना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।


