बसना। ग्राम खुर्सीपहार स्थित एक फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर ट्रैक्टर के चार लोहे के डबल केजव्हील चोरी करने के मामले में बसना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए केजव्हील, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, के साथ वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी (टाटा एस) वाहन भी जब्त किया है।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान, फार्म हाउस से चोरी के चार डबल केजव्हील और वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन पुलिस ने किया जब्त।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खुर्सीपहार निवासी शिवेन्द्र मिश्रा ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे वे खाना खाने के बाद अपने पालतू कुत्ते को टहलाने फार्म हाउस की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें फार्म हाउस का दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज लगाने पर अज्ञात चोर छोटा हाथी वाहन में बैठकर बसना की ओर भाग निकले। फार्म हाउस की जांच करने पर वहां रखे चार लोहे के डबल केजव्हील गायब मिले।
शिकायत पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 612/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफान खैरानी (21 वर्ष), पिता फिरदोस खैरानी, निवासी वार्ड क्रमांक 02 बसना और विवेक पटेल (19 वर्ष), पिता स्व. मुरलीधर पटेल, निवासी अरेकेलडीपा, थाना बसना के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी अफान खैरानी के पेश करने पर चोरी के चारों डबल केजव्हील (कीमत 50 हजार रुपये) और परिवहन में इस्तेमाल टाटा एस वाहन क्रमांक CG 12 AW 5759 को गवाहों के समक्ष जब्त किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305, 331(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


