महासमुंद। देश की आंतरिक सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस के वीर जवानों की स्मृति में 21 अक्टूबर को परसदा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर 67वां राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर शहीद जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पुलिस लाइन परसदा में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम; विधायक, कलेक्टर और एसपी ने शहीद जवानों के परिजनों से की मुलाकात, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य की ली जानकारी।
कार्यक्रम के दौरान महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने देश की विभिन्न सुरक्षा इकाइयों के उन 154 शहीद जवानों के नामों का वाचन किया, जिन्होंने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। इस दौरान महासमुंद जिले के 19 शहीद जवानों को भी विशेष रूप से याद किया गया।
शहीद जवानों के परिजनों से मिले जनप्रतिनिधि और अधिकारी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरीनंद, महासमुंद विधायक राजू सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे ने जिले के 19 शहीद पुलिस जवानों के परिजनों से मुलाकात की।
इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परिजनों का हालचाल जाना तथा उनके बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, सहायक सेनानी दिनेश्वरी नंद, एसडीएम अश्रा गुप्ता, एसडीओपी पिथौरा अजीत ओगरे, एसडीओपी सरायपाली चंद्रशेखर परमा, रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप, निरीक्षक महेश साहू, निरीक्षक आकाश मसीह सहित जिले के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की गई।



