महासमुंद। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन महासमुंद में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक सहित जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों ने जिला शस्त्रागार में रखे अग्नेयास्त्रों और अन्य शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बेमचा निवासी पंडित पंकज तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया।
विजयादशमी पर विधि-विधान से हुई शस्त्रों की पूजा-अर्चना, महासमुंद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का लिया संकल्प।
विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा भारतीय संस्कृति, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक मानी जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए महासमुंद पुलिस द्वारा प्रतिवर्ष इस पावन पर्व पर शस्त्र पूजन किया जाता है। यह आयोजन पुलिस बल के लिए कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
पुलिस बल के लिए शस्त्र केवल सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का साधन नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के दायित्व का प्रतीक भी हैं। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने विजयादशमी की परंपरा का पालन करते हुए जनसेवा, कर्तव्यपालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप, निरीक्षक महेश साहू, विनोद कश्यप, दिनेश यादव एवं आकाश मसीह, उप निरीक्षक राजीव नाहर, कंपनी कमांडर साहू, प्रशिक्षु सूबेदार ईश्वर साहू, सहायक उप निरीक्षक बालमुकुंद साहू तथा शस्त्रागार प्रभारी कदम सिंह नाग सहित जिला पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।


