रायपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड में शामिल होकर देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया।
माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित हुई पुलिस स्मृति दिवस परेड।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता वीर पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में अब भय और हिंसा के स्थान पर शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार हो रहा है। दूरस्थ अंचलों तक विकास की सुविधाएं पहुंच रही हैं और लोगों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने शहीद जवानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों का साहस, अनुशासन तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन सभी पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के जवानों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। यह दिन उनके बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने और उनके परिवारों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने का संदेश देता है।


