महासमुंद। तुमगांव जुआ कार्रवाई के तहत पुलिस ने ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब के पास जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 17,400 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक स्कूटी, चार मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 32 हजार 400 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
तुमगांव के अमावश-बेलटुकरी तालाब के पास पुलिस की दबिश, 17,400 रुपये नकद सहित कार, स्कूटी, चार बाइक और पांच मोबाइल जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तुमगांव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमावश-बेलटुकरी के बीच तालाब के पास कुछ लोग खुले स्थान पर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान सात आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवीन्द्र खुंटे (30), लोमश साहू (28), संत कुमार बंजारे (38), भीष्मदेव खुंटे (26), जितेश बंजारे (18), नेहरू साहू (35) और पवन साहू (30) के रूप में हुई है। सभी आरोपी तुमगांव, बेलटुकरी, खट्टीडीह और महासमुंद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मौके से फरार अन्य लोगों की पतासाजी की जा रही है।


