महासमुंद। आरंग डबल मर्डर केस में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ग्राम बिरबिरा में हुए बुजुर्ग दंपति के दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक को शक था कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मौत के पीछे मृतक दंपति का जादू-टोना है। इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर दंपति की हत्या कर घर से सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटे गए जेवर बरामद करने का दावा किया है।
बिरबिरा गांव में 48 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; हथियार और जेवर बरामद।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने थाना आरंग में सूचना दी कि गांव निवासी सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में अपराध क्रमांक 481/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने बिरबिरा गांव के ही 22 वर्षीय प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या और लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी को संदेह था कि दंपति ने जादू-टोना कर उसकी मां की मौत कराई थी। इसके अलावा उसे जानकारी थी कि दंपति के पास जमीन है और आसबती साहू सोने-चांदी के आभूषण पहनती थीं।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपी कुल्हाड़ी और हंसिया लेकर दंपति के घर पहुंचा। उसने अलग-अलग कमरों में सो रहे सदाशी साहू और आसबती साहू पर धारदार हथियारों से हमला किया। इसके बाद महिला के शरीर से चांदी का कमरबंध, माला, अंगूठी, बिछिया और अन्य आभूषण सहित सोने-चांदी के जेवर ले गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल्हाड़ी, हंसिया, खून से सनी जींस-पैंट और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में जादू-टोने से संबंधित आरोपों के आधार पर छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


