रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 8 अक्टूबर को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 632 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इस किस्त के साथ योजना के तहत अब तक जारी कुल सहायता राशि 20,708 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग के सेवा सेतु कार्यक्रम में किया महतारी वंदन योजना की राशि का अंतरण, हितग्राहियों को चेक, प्रमाण-पत्र, आवास की चाबी और आयुष्मान कार्ड भी वितरित।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को चेक, प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की चाबियां और आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी रही।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना पूरे परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कौशल विकास और आजीविका के अवसरों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने और परिवार से जुड़े खर्चों में योगदान देने में सक्षम हो सकें।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन और ईश्वर साहू, दुर्ग जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, महापौर अलका बाघमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


