पिरदा। मिशन प्राथमिक शाला जगदीशपुर में बच्चों के बीच उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब पूर्व सरपंच दीपिका मिंज एवं क्षेत्रीय साहित्यकार और शिक्षक लोरीश गुरूजी ने अपनी बेटी एनी रेबेका बारला (सुरभि) का जन्मदिन विद्यालय के बच्चों के साथ मनाया। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत न्यौता भोज का आयोजन किया गया।
जगदीशपुर के पूर्व सरपंच दीपिका मिंज और शिक्षक लोरीश गुरूजी ने एनी रेबेका के जन्मदिन पर बच्चों को कराया भोजन।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी बच्चों को भोजन कराया गया। बच्चों के लिए पुलाव-सब्जी, केक और मिष्ठान की व्यवस्था की गई थी। जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के साथ समय बिताने और उन्हें भोजन कराने से विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
जगदीशपुर विद्यालय के प्रधान पाठिका रीतु नन्द ने बताया कि विद्यालय में पहली बार किसी परिवार ने स्वप्रेरणा से न्यौता भोज का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चे बेहद खुश हैं और इस तरह के आयोजन विद्यालय एवं समाज के बीच आत्मीय जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर लोरीश गुरूजी (जगदीशपुर) ने कहा कि न्यौता भोज की अवधारणा पूरी तरह स्वैच्छिक है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बच्चों में समानता की भावना और अपनेपन का भाव विकसित होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ खुशियां साझा करना जन्मदिन को और भी सार्थक बनाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक कमलेश प्रधान एवं प्रीतम कंवर सहित विक्रम प्रधान, कैमो सोना और जयन्ती दास का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में भारत यात्री उत्कल प्रधान, उत्तर प्रधान एवं अश्विनी प्रधान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के पूरक पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फरवरी 2024 से न्यौता भोज योजना शुरू की गई है। इस पहल के तहत लोग अपनी खुशी के अवसरों को विद्यालय के बच्चों के साथ साझा कर उन्हें भोजन करा सकते हैं।


