बसना। स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा, बसना के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
बसना में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में अरेकेल की पल्लवी सिदार चित्रकला में प्रथम, बड़े साजापाली की दीपिका साहू ने भाषण में हासिल किया पहला स्थान।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, संकल्प, सहभागिता, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल की छात्रा पल्लवी सिदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने शिक्षक प्रेमचन्द साव के मार्गदर्शन में अपनी रचनात्मकता और आकर्षक कलात्मक प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं बरोली की लतिका दास ने द्वितीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में बड़े साजापाली की दीपिका साहू प्रथम तथा गढ़पटनी की ईशिका दास द्वितीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बसना की अध्यक्ष डिलेश्वरी मिलाप निराला ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन से निखारा जा सकता है। जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ाती हैं।
जनपद सदस्य दीपा अरुण साहू ने ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
बीआरसीसी अनिल सिंह साव ने कहा कि अवसर मिलने पर विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास दोनों में निखार आता है। पल्लवी सिदार के मार्गदर्शक शिक्षक प्रेमचन्द साव ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कला, साहित्य, विज्ञान, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अवसर देने की बात कही।
कार्यक्रम का मंच संचालन शरण कुमार दास ने किया। आयोजन की सफलता में सुरेश कुमार नंद एवं त्रिकांत बाघ सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका रही। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


