बसना। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को वन्दे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे ‘एक समय, एक लय, एक स्वर, वन्दे मातरम्’ थीम के तहत विद्यार्थियों, आचार्य-दीदियों एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से वन्दे मातरम् का गायन किया।
‘एक समय, एक लय, एक स्वर’ में गूंजा वन्दे मातरम्, क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों का हुआ सम्मान।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सामूहिक गायन के बाद अतिथियों का तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में बीज निगम एवं कृषि विकास बोर्ड छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पंचायत बसना अध्यक्ष डॉ. खुशबू अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश चौधरी, अग्रवाल नर्सिंग होम के चेयरमैन डॉ. एन.के. अग्रवाल तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामचन्द्र अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर चंद्रहास चंद्राकर ने वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं समिति सदस्य रमेश कर ने गीत के शाब्दिक अर्थ और भावार्थ की जानकारी दी। वहीं विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वन्दे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा मंत्र है।
कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में विजयी भैया-बहनों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय समिति के अध्यक्ष रामचन्द्र अग्रवाल ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।


