नुआपड़ा (ओडिशा)। पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ से पर्यावरण जागरूकता यात्रा पर ओडिशा पहुंचे योगेश कुमार बढ़ाई ने राहुल भोई के साथ नुआपड़ा विधायक जय राजू ढोलकिया से मुलाकात की। इस दौरान सीड बॉल अभियान, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। योगेश कुमार बढ़ाई मोहगाँव निवासी हैं और पीएम श्री सेजेस बसना में पदस्थ हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
छत्तीसगढ़ से ओडिशा नुआपड़ा पहुंचे पर्यावरण जागरूकता यात्री ने वृक्षारोपण और हरियाली बढ़ाने को लेकर साझा किए विचार।
चर्चा के दौरान योगेश कुमार बढ़ाई ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से “पेड़ माँ के नाम” एवं “एक आदमी, एक वृक्ष – सुनहरा हो भविष्य” जैसी थीम के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे बड़ा होने तक सुरक्षित रखना भी पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विधायक जय राजू ढोलकिया नुआपड़ा के साथ सीड बॉल के माध्यम से पौधों एवं वृक्षों की प्राकृतिक वृद्धि को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी से हरियाली विकसित करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सीड बॉल अभियान के जरिए ऐसे क्षेत्रों में भी पौधों की प्राकृतिक वृद्धि को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा सकता है, जहां सामान्य रूप से पौधारोपण करना कठिन होता है। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया।
नुआपड़ा विधायक जय राजू ढोलकिया ने छत्तीसगढ़ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर ओडिशा पहुंचने तथा लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए योगेश कुमार बढ़ाई की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया। वहीं योगेश कुमार बढ़ाई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यदि हर व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर एवं हराभरा पर्यावरण तैयार किया जा सकता है। “एक आदमी, एक वृक्ष – सुनहरा हो भविष्य” के संदेश के साथ पर्यावरण जागरूकता का यह अभियान छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहा है।


