बसना। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में शासन के निर्देशानुसार चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और कला के प्रति रुचि को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।
शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में संकुल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दी गई शुभकामनाएं।
प्रतियोगिता में कु. मीनाक्षी पटेल ने प्रथम तथा विकास पटेल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों विद्यार्थियों ने सुंदर चित्रांकन और अपनी रचनात्मक सोच के माध्यम से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए सभी ने उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का आयोजन शाला प्रबंधन समिति गढ़पटनी की महिला सदस्यों की उपस्थिति और सहयोग से किया गया। इस अवसर पर समिति की सदस्य कैलाशी कैवर्त, संतोषी पटेल, रुबी कैवर्त एवं जयंती कैवर्त उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी कला प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षक लगन नाग एवं श्रीमती खीरवंती भोई भी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बच्चों को चित्रकला के महत्व के बारे में जानकारी दी और अपनी कल्पनाओं को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता के लिए शाला प्रबंधन समिति की महिला सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संकुल स्तर पर चयनित मीनाक्षी पटेल एवं विकास पटेल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आगामी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दोनों विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समिति सदस्यों और शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया तथा ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


