बसना। झगरेनडीह स्थित मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने गए दो युवाओं को करीब 6 घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को मंदिर समिति का अध्यक्ष बताने वाले नारायण प्रधान और उसके साथियों ने 15 वर्षीय नाबालिग पायल और उसके साथी भूपेश को मंदिर परिसर में रोक लिया। दोनों के मोबाइल और बाइक की चाबी भी जबरन ले ली गई।
झगरेनडीह स्थित मनसा देवी मंदिर में पैसे नहीं देने पर लड़की के जेवर मांगने का आरोप।
परिजनों की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने दोनों को मुक्त कराया। सांकरा पुलिस के अनुसार, बल्दीडीह निवासी भूपेश शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी परिचित नाबालिग पायल के साथ मंदिर दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद दोनों मंदिर परिसर में बैठे थे। इसी दौरान नारायण प्रधान अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और खुद को मंदिर समिति का अध्यक्ष बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने झगरेनडीह में उन्हें छोड़ने के बदले पहले 51 हजार रुपए मांगे। इसके बाद 36 हजार और फिर 21 हजार रुपए देने का दबाव बनाया। पैसे देने में असमर्थता जताने पर पायल के सोने के जेवर मांगने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की गई। आरोप है कि दोनों को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रोके रखा।
पुलिस ने मामले में धारा 127(2), 295, 115(2), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


