बसना। भंवरपुर रोड स्थित बरिहापाली मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार नरेन्द्र कुमार नायक और शांति नायक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
बरिहापाली मोड़ पर दशकर्म कार्यक्रम से लौट रहे मोटरसाइकिल सवारों को तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, हादसे में दो लोगों की गई जान।
मिली जानकारी के अनुसार जलपुर निवासी नरेन्द्र कुमार नायक और शांति नायक मोटरसाइकिल क्रमांक से ग्राम बरिहापाली में दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों दोपहर को वापस जलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान भंवरपुर रोड पर बरिहापाली मोड़ के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CZ 9807 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे उपचार के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों तथा पिकअप चालक के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


