बसना। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
गढ़पटनी स्कूल में बच्चों ने साझा की मिठाई, भारतीय संस्कृति और भाई-बहन के प्रेम, सम्मान व विश्वास का दिया संदेश।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के महत्व की जानकारी देने के साथ हुई। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।
इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधीं। छात्रों ने भी अपनी बहनों के सम्मान और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में बच्चों ने राखी निर्माण और सजावट के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा भी दिखाई। गढ़पटनी स्कूल में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने के साथ उनमें पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों की समझ विकसित करना रहा।
प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में प्रेम, भाईचारा, सहयोग, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक लगन नाग, श्रीमती खीरवंती भोई सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


