बसना। अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 9.600 लीटर शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है।
बसना पुलिस ने बिजराभाटा और दुधीपाली में दबिश, 9.600 लीटर शराब समेत ₹3,600 की शराब जब्त।
पहली कार्रवाई ग्राम बिजराभाटा में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंकज गुप्ता (28) अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए अपने पास रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है, बरामद की। मामले में अपराध क्रमांक 461/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम दुधीपाली में ताला पुल के पास की गई। यहां पुलिस ने राकेश नायक (30), निवासी आमापाली, को अवैध शराब के साथ पकड़ा। उसके कब्जे से 3.600 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपये बताई गई, बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 460/26 के तहत धारा 34(1) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
बसना पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप है। पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।


