पिथौरा। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पिथौरा पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो मामलों में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा, जबकि दूसरे मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और एक आरोपी फरार बताया गया है।
15 लीटर महुआ और 3.240 लीटर देसी शराब बरामद, एक आरोपी फरार।
पहली कार्रवाई इंदिरा कॉलोनी लाखागढ़ में मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने मोहन वासुदेव (52) और रवि वासुदेव (25) के घर-बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान बिक्री के लिए रखी 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 3,000 रुपये बताई गई, बरामद हुई। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 211/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई हमर ढाबा, लहरौद पड़ाव पिथौरा में की गई। यहां पुलिस ने शरद तिवारी (20), फेगन प्रजापति और राजेंद्र प्रजापति के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 3.240 लीटर देसी प्लेन, जिसकी कीमत करीब 1,440 रुपये है, बरामद की। मामले में कमलेश डडसेना के फरार होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/26, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस की ओर से अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।


