बसना(जीतयादव)। बिहान योजना से जुड़कर अपनी आजीविका की शुरुआत की और गांव में ‘श्री राम होटल’ का संचालन शुरू कर आर्थिक मजबूती की दिशा में कदम बढ़ाया। आत्मनिर्भर बनने का सपना जब मेहनत और सही अवसर से जुड़ता है, तो सफलता की राह आसान हो जाती है। मामा-भांचा गांव की श्रीमती रोहिणी साहू इसका उदाहरण हैं।
बिहान योजना से जुड़कर शुरू किया ‘श्री राम होटल’, स्वरोजगार से परिवार को मिली आर्थिक मजबूती।
रोहिणी साहू बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिला। होटल व्यवसाय के माध्यम से वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर रही हैं। उनके अनुसार, इस काम से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है और वे अपने पैरों पर खड़े होकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में होटल व्यवसाय से उन्हें लगभग 10 से 15 हजार रुपये तक की शुद्ध मासिक आय प्राप्त हो रही है। इस आय से परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिल रही है।
रोहिणी साहू का कहना है कि शासन की योजनाओं से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को अपने हुनर को रोजगार में बदलने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
स्वरोजगार से बढ़ रहा महिलाओं का आत्मविश्वास
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में स्व-सहायता समूह और आजीविका गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रोहिणी साहू की कहानी भी बताती है कि अवसर मिलने पर महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के दम पर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकती हैं।


