बसना(जीतयादव)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सांकरा ने सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शासकीय प्राथमिक शाला वीरेंद्र नगर, सांकरा में बच्चों के साथ आजादी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में बच्चों को तिरंगा झंडा वितरित कर उनमें देशप्रेम और राष्ट्रगौरव की भावना जगाई गई।
शिक्षा साथी अभियान के तहत बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण, विद्यालय परिसर सांकरा में किया गया वृक्षारोपण।
मंच के ‘शिक्षा साथी अभियान’ के तहत प्राथमिक शाला के बच्चों को नोटबुक, पेन, पहाड़ा पुस्तक, चॉकलेट और बिस्कुट वितरित किए गए। शैक्षणिक सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। बच्चों ने अपने हाथों से पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस पहल के जरिए बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया गया।
मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के अध्यक्ष शुभम सिंघल ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने ‘शिक्षा साथी अभियान’ की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में मंच के सह-सचिव दिनेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कमल अग्रवाल, सदस्य विवेक अग्रवाल, सिमरन सिंह छाबड़ा सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं संतोष कौर होरा और रशीदा शेख तथा गणमान्य नागरिक शेख हुसैन और अमित नेताम उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने मारवाड़ी युवा मंच सांकरा की इस सेवाभावी पहल की सराहना करते हुए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए देशभक्ति, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश छोड़ गया।


