बागबाहरा(जीतयादव)। संतोषी नगर भीमखोज में खल्लारी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से बिक्री के लिए रखी 80 लीटर महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई है।
भीमखोज में बिक्री के लिए शराब रखने की सूचना पर खल्लारी पुलिस ने की छापामार कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोषी नगर भीमखोज निवासी राहूल ध्रुव (21) अपने घर में बड़ी मात्रा में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर खल्लारी पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और संदिग्ध के घर की घेराबंदी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने राहूल ध्रुव के कब्जे से 80 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की। शराब की कीमत 16 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
कार्रवाई के बाद आरोपी राहूल ध्रुव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बिक्री और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


