बसना(जीतयादव)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के संदेश के साथ बसना स्थित स्वर्गीय श्री जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी शामिल हुईं। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और निःशुल्क पौधों का वितरण, बसना में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
वन मंडल महासमुंद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण के साथ लोगों को निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे केवल प्राणवायु देने का काम नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और भाजपा के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण को पर्यावरण के साथ भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ते हुए लोगों को अपने परिवार और समाज के लिए पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण के साथ हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
वन महोत्सव के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि पौधरोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें। इससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।


