महासमुंद(जीतयादव)। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को महासमुंद में देशभक्ति का अलग ही नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 8 बजे मिनी स्टेडियम से स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक 900 से अधिक लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ दौड़ लगाई।
महासमुंद के मिनी स्टेडियम से शुरू हुई दौड़, शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी; भारत माता की जय के नारों से गूंजा शहर।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हाथों में तिरंगा लहराकर किया।
तिरंगा दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, खेल संघों, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस, वन विभाग और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली भीड़ ने ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल देशभक्तिमय कर दिया।
तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से शुरू होकर बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनिया चौक, गांधी चौक और नेहरू चौक से होते हुए वापस मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है। तिरंगा दौड़ के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने आयोजन में उत्साह के साथ शामिल हुए सभी प्रतिभागियों और सहयोगी विभागों का आभार जताया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, पार्षद पीयूष साहू, राहुल आवड़े, महेंद्र सिक्का, आनंद साहू, राहुल चंद्राकर, महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू, डीएमसी रेखराज शर्मा, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार धृतलहरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


