बसना(जीतयादव)। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भुकेल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में छात्राओं के लिए उत्साहवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
भुकेल में सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों को मिला आवागमन का सहारा, डॉ. संपत अग्रवाल ने बढ़ाया उत्साह।
कार्यक्रम में बसना विधानसभा विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और प्रदेश के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। सरकार की ओर से संचालित सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा देने के साथ ही उनके भीतर आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।

भुकेल में साइकिल मिलने से विशेष रूप से दूर-दराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियां न केवल अपने परिवार का नाम रोशन कर सकती हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

इस अवसर पर भुकेल विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं अन्य उपस्थितजनों ने योजना की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा से जोड़ते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करना रहा।


