महासमुंद(जीतयादव)। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने और 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के उद्देश्य से महासमुंद शहर में भव्य तिरंगा यात्रा बाइक रैली का आयोजन किया गया। पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और नगर सेना के जवानों ने हाथों में तिरंगा थामकर शहर का भ्रमण किया। रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
150 जवानों ने थामा तिरंगा, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से गूंजा महासमुंद।
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री गोपाल धुर्वे ने पुलिस कंट्रोल रूम से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर जिला अस्पताल, खरोरा, संजय कानन, बागबाहरा रोड और कलेक्टर बंगला होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

रैली में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं एवं 20वीं वाहिनी तथा नगर सेना के करीब 150 अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। इनमें 99 जवान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर शहर की सड़कों से गुजरे। जवानों ने पूरे उत्साह के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए, जिससे वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना रहा। रैली को देखने के लिए शहरवासियों में भी उत्साह नजर आया।इस गौरवपूर्ण आयोजन में रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी महासमुंद सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


