बसना(जीतयादव)। महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध हथियार और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसना पुलिस ने यह कार्रवाई 9-10 अगस्त 2026 की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर सघन वाहन जांच के दौरान की। पुलिस की सतर्कता के चलते संदिग्धों के मंसूबों को बड़ी वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया गया।
बसना पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर वाहन जांच में कट्टा-कारतूस, 3.25 लाख नकद और कार समेत 19.25 लाख की संपत्ति जब्त।
बसना पुलिस के अनुसार, ओडिशा की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार में चार व्यक्ति सवार थे। तलाशी के दौरान डैशबोर्ड और सीट के पास से .315 बोर का एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक बैग से 3 लाख 25 हजार रुपये नकद तथा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने के उद्देश्य से आए थे। पुलिस के मुताबिक, रास्ते में किसी तरह की बाधा आने पर उसका सामना करने के लिए हथियार साथ रखा गया था। गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं होने के कारण वे बिना गांजा लिए वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमाशंकर शर्मा, आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू, शिवम शर्मा और शनि सिंग उर्फ संदीप के रूप में हुई है।
कार्रवाई में पुलिस ने 3.25 लाख रुपये नकद, देशी कट्टा, तीन कारतूस, कार और चार मोबाइल समेत करीब 19 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध हथियार और अंतरराज्यीय तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


