महासमुंद(जीतयादव)। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें कौशल, नवाचार तथा रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार, महासमुंद में “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत संकल्प” अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने सुना। इसके बाद सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और नशे से दूर रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा- युवाओं की पहचान नशा से नहीं, कौशल और प्रतिभा से होनी चाहिए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद सहित माय भारत, समाज कल्याण तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि देशभर में हजारों संस्थानों में युवा नशामुक्ति का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जिज्ञासा या दोस्तों के दबाव में शुरू किया गया नशा धीरे-धीरे आदत और फिर गंभीर लत बन जाता है। इससे व्यक्ति का स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।
छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा शक्ति के प्रयासों से ही समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ा जा सकता है।कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नशामुक्ति की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “नशा ही नाश की जड़ है”, इसलिए प्रत्येक युवा को नशे का बहिष्कार करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए।


