बसना(जीतयादव)। लगातार हो रही बारिश के चलते बसना क्षेत्र में जलभराव की स्थिति गंभीर होती नजर आ रही है। क्षेत्र के सुरंगी नाला के उफान पर आने से आसपास के इलाकों में पानी का दबाव बढ़ गया है। वहीं बसना से अरेकेल जाने वाले मार्ग पर सड़क के ऊपर से पानी बहने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बसना-अरेकेल मार्ग पर सड़क के ऊपर बह रहा पानी, जमड़ी तालाब की मेड़ से भी ओवरफ्लो; ग्रामीणों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी।
इसी तरह कूड़ेकेल नाला के पुल के ऊपर करीब 3 फीट पानी बहने की स्थिति बताई जा रही है। पानी का बहाव तेज होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए जोखिम बढ़ गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने से बचने की अपील की जा रही है।
वहीं जमड़ी तालाब की मेड़ से पानी ओवर होने की वजह से आसपास के क्षेत्रों में भी जलभराव की आशंका बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण नालों और जलस्रोतों में पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
सुरंगी नाला और अरेकेल-कूड़ेकेल के बीच पुल का मुद्दा पहले भी विधानसभा स्तर पर उठ चुका है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के रिकॉर्ड में अरेकेल-कूड़ेकेल के बीच सुरंगी नाला पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण से जुड़ा प्रश्न भी दर्ज है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इन रास्तों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित होता है। खासकर पुल और सड़क के ऊपर पानी बहने की स्थिति में ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।


