बसना(जीतयादव)। सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत बसना विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कूड़ेकेल में छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल ने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कूड़ेकेल स्कूल में सरस्वती साइकिल वितरण योजना से बेटियों की स्कूल तक पहुंच होगी आसान, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह और आत्मविश्वास।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल पहुंचने वाली छात्राओं के लिए आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। शासन की ऐसी योजनाओं का उद्देश्य छात्राओं की पढ़ाई में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को कम करना और उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कूड़ेकेल के युवा सरपंच श्री भारत लाल डड़सेना , उपसरपंच प्रतिनिधि श्री मिलन साव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कूड़ेकेल के प्राचार्य श्री खीरोद मलिक एवं श्री बलदेव मिश्रा, संकुल समन्वयक श्री गोवर्धन डड़सेना ग्राम जमड़ी के गोटिया श्री तेजसिंह पटेल, पंच श्री भगत पटेल, श्री अशोक साव, श्री कृष्णचंद साव, जनपद सदस्य श्री राजेश गड़तिया, श्री विजय पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

साइकिल प्राप्त होने पर छात्राओं में उत्साह और खुशी देखने को मिली। छात्राओं ने कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी। इससे उनका समय भी बचेगा और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार ने छात्राओं को बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
सरस्वती साइकिल वितरण योजना को बेटियों को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय तक उनकी पहुंच आसान बनाने तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया। कार्यक्रम का समापन छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।



