बसना(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में कक्षा पांचवीं की छात्रा कु. शिवानी कैवर्त का जन्मदिन विद्यालय परिवार द्वारा हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और सहपाठियों ने छात्रा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गढ़पटनी में विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं, प्रधान पाठक ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और संस्कार विकसित करने पर दिया जोर।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार ने शिवानी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों का जन्मदिन मनाने से बच्चों में आत्मविश्वास और अपनापन बढ़ता है। इससे उनका विद्यालय के प्रति लगाव भी मजबूत होता है। उन्होंने छात्रा को जीवन में निरंतर मेहनत करने, अनुशासन का पालन करने और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सहायक शिक्षक श्री लगन नाग एवं श्रीमती खीरवंती भोई ने भी शिवानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उसके स्वस्थ, सुखी एवं सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जन्मदिन गीत गाकर शिवानी को बधाई दी। सभी ने मिलकर खुशी साझा की, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह और आनंद का माहौल बना रहा।
गढ़पटनी में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के जन्मदिन को प्रेरणादायक अवसर के रूप में मनाने की पहल को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सकारात्मक सोच, आत्मसम्मान, आपसी प्रेम और विद्यालय के प्रति आत्मीयता की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं खुशनुमा वातावरण में संपन्न हुआ।


