सरायपाली(जीतयादव)। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बलौदा थाना पुलिस ने ग्राम पलसापाली में कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 45 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पलसापाली में दो अलग-अलग मामलों में की कार्रवाई, आबकारी एक्ट के तहत दोनों आरोपियों को भेजा जेल।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पलसापाली में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर संदिग्ध रामकुमार जोल्हे, उम्र 50 वर्ष, के घर की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये है, बरामद की गई।
इसी दौरान पुलिस ने गांव में एक अन्य संदिग्ध भेकलाल जोल्हे, उम्र 34 वर्ष, के घर पर भी दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई, बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 45 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 46 एवं 47/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 28 लाख 61 हजार 209 रुपये कीमत की 10,381.615 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। वहीं 765 प्रकरणों में 863 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


