बसना(जीतयादव)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोलिहादेवरी, विकासखंड बसना में छात्र परिषद का गठन लोकतांत्रिक तरीके से किया गया। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें भविष्य के जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से चुनाव की पूरी प्रक्रिया को वास्तविक लोकतांत्रिक प्रणाली के अनुरूप संपन्न कराया गया।
कोलिहादेवरी स्कूल में मतदान प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने किया मताधिकार का प्रयोग।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन, नाम वापसी, मतदाता सूची तैयार करने, अमिट स्याही लगाने, मतदान कक्ष, मतपत्र से मतदान, मतपेटी का उपयोग और मतगणना सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। चुनाव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ संस्था के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कुल 10 पदों में से 7 पदों के लिए 17 नामांकन प्राप्त हुए, जबकि 3 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। मतगणना के बाद कल्याण बंजारा को शाला नायक और अंजलि चौहान को उप शाला नायक चुना गया। वहीं छात्रा प्रतिनिधि के रूप में पिंकी बंजारा, क्रीड़ा सचिव राजीव चौहान, सहसचिव पुष्पांजलि बरिहा, अनुशासन सचिव डोलामणी बंजारा, सांस्कृतिक सचिव पूजा गजेंद्र, पुस्तकालय सचिव शिबा कुमार तथा स्वच्छता सचिव सुमन बुड़ेक सहित अन्य पदों पर भी विद्यार्थियों का चयन किया गया।
इसके अलावा इको क्लब प्रभारी के रूप में मधु डड़सेना एवं सह प्रभारी प्रीति जगत, खोया-पाया विभाग सचिव सीमा पटेल एवं सह सचिव कृष्णा यादव सहित विभिन्न पदों पर विद्यार्थियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कोलिहादेवरी स्कूल के प्राचार्य एनपी नायक ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में मतदान अधिकारियों एवं विद्यालय के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया छात्र परिषद गठन प्रभारी व्याख्याता भूपेश भोई के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।


