बसना(जीतयादव)। बसना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो तस्करों के साथ-साथ गांजा की खेप लेने वाले बसना क्षेत्र के दो स्थानीय आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 4.220 किलोग्राम अवैध गांजा, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार 500 रुपये बताई गई है।
बसना पुलिस ने 24 घंटे में ध्वस्त किया गांजा तस्करी का नेटवर्क, ओडिशा के दो तस्कर समेत चार आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 की रात पलसापाली बैरियर पदमपुर रोड पर वाहन जांच के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर सवार भेलासागर भोई और अक्षय दास के पास मौजूद बैग से 4 किलो 220 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा ग्राम बरपेलाडीह निवासी हृषिकेश वैष्णव और प्रेम लाल मानिकपुरी के लिए लाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों स्थानीय रिसीवरों को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा को छोटे-छोटे पुड़ियों में पैक कर बरपेलाडीह और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते पूरी साजिश विफल कर दी।
चारों आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में अपराध क्रमांक 384/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।


