सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में सामाजिक सेवा, शिक्षा के प्रति समर्पण और बच्चों के प्रति स्नेह का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। प्रदेश समन्वयक ओबीसी कांग्रेस छत्तीसगढ़, प्रदेश सचिव जिला महिला कांग्रेस छत्तीसगढ़ एवं प्रदेश अध्यक्ष, प्रांतीय मानिकपुरी पनका समाज महिला प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ श्रीमती तिरिथकुमारी मानिकपुरी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा करते हुए विशेष न्योता भोज का आयोजन कराया। इस आयोजन ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और विद्यालय का माहौल उत्सवमय हो गया।
शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में श्रीमती तिरिथकुमारी मानिकपुरी ने विद्यार्थियों को कराया विशेष भोज, चॉकलेट, पेन, सामान्य ज्ञान की पुस्तकें और गुलाब जामुन भी वितरित किए।
जानकारी के अनुसार 7 जुलाई को अपने जन्मदिन के अवसर पर श्रीमती तिरिथकुमारी मानिकपुरी ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ केक काटा तथा उन्हें चॉकलेट, पेन और सामान्य ज्ञान की पुस्तकें भेंट कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। वहीं 14 जुलाई को उन्होंने अपने जन्मोत्सव की खुशियों को आगे बढ़ाते हुए प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन कराया। भोजन में बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए चार प्रकार की सब्जियां परोसी गईं। भोजन के बाद प्रत्येक विद्यार्थी को मिठाई के रूप में गुलाब जामुन भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर रिमजी शाला के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव, शिक्षक कमल नारायण भोई एवं डोलामणि चौहान ने श्रीमती तिरिथकुमारी मानिकपुरी के इस सामाजिक एवं प्रेरणादायी कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में शिक्षा, सहयोग, सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रिमजी में विद्यालय परिवार ने श्रीमती तिरिथकुमारी मानिकपुरी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल सामाजिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके द्वारा किया गया यह सेवा कार्य समाज के लिए अनुकरणीय है और भविष्य में भी शिक्षा तथा समाजहित के ऐसे प्रेरणादायी प्रयास निरंतर जारी रहें।


